उत्तर प्रदेश
पड़ोसियों पर जबरन जहर पिलाकर महिला की हत्या का आरोप
ललितपुर। कोतवाली सदर क्षेत्र के ग्राम सतरवांस निवासी 50 वर्षीय धनुषरानी पत्नी रामलाल अहिरवार की रविवार रात जिला मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान मौत हो गई। पति रामलाल का आरोप है कि खेत से ट्रैक्टर निकालने को लेकर हुए विवाद में चार लोगों और दो महिलाओं ने उनकी पत्नी की लाठी-डंडों से पिटाई की और हाथ-पैर पकड़कर जबरन जहर पिला दिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे विरधा सीएचसी ले गए, जहां पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गम्भीर होने पर जिला मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया वहां पर इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।



