खाद न मिलने पर किसानों ने सड़क जाम की
ललितपुर के तालबेहट में निजी दुकानों पर डीएपी 2,000 रुपए में बेचने का आरोप, बोलारी चौराहे पर सड़क पर जाम
ललितपुर जिले के तालबेहट क्षेत्र में खाद न मिलने से नाराज किसानों ने गुरुवार दोपहर करीब 1:30 बजे सड़क पर जाम लगा दिया। किसानों ने निजी दुकानों पर डीएपी खाद तय कीमत से ज्यादा में बेचने का आरोप लगाया।
स्थानीय निवासी काशीराम के मुताबिक, किसान बिजरौठा सरकारी समिति पर खाद लेने पहुंचे थे, लेकिन वहां ताला लगा था। खाद नहीं मिलने से किसान नाराज हो गए और बोलारी चौराहे के पास जख़ौरा तालबेहट मार्ग पर बैठ गए। प्रदर्शन में महिलाएं भी शामिल थीं।
किसानों का कहना है कि डीएपी की एक बोरी का तय रेट 1,350 रुपए है, जबकि बाजार में इसे 2,000 रुपए में बेचा जा रहा है। उन्होंने सरकारी समिति पर खाद उपलब्ध कराने की मांग की।
सूचना मिलने पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और किसानों को समझाया। करीब 10 मिनट बाद किसान सड़क से उठकर सरकारी समिति पहुंचे।




