आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में दो गिरफ्तार
मड़ावरा पुलिस ने हंसरी गांव से पकड़ा, कोर्ट में पेश करने की तैयारी ललितपुर के मड़ावरा थाना क्षेत्र के हंसरी गांव में आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। मृतक के बेटे की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई की।
शिकायतकर्ता कैलाश अहिरवार ने पुलिस को बताया था कि 26 अक्टूबर की शाम करीब 7 बजे उनके पिता घुमन अहिरवार पुराने 25 हजार रुपए मांगने पड़ोसी दोलतराम के घर गए थे। आरोप है कि वहां उनके साथ गाली-गलौज की गई और लाठी-डंडों से मारने की कोशिश हुई।
कैलाश ने बेइज्जती करने और एक बच्ची के मामले में झूठा फंसाने की कोशिश का भी आरोप लगाया। शिकायत के मुताबिक, लगातार कथित प्रताड़ना और मुकदमा वापस लेने के लिए पैसे मांगने से परेशान होकर घुमन ने 27 अक्टूबर की रात घर के पीछे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
मृतक के बेटे ने 28 अक्टूबर को पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने 29 अक्टूबर को सरुवा पुत्र दरऊ उर्फ दरुवा, उम्र करीब 70 वर्ष, और दौलतराम पुत्र सरुवा अहिरवार, उम्र करीब 41 वर्ष, दोनों निवासी हंसरी गांव, थाना मड़ावरा, जिला ललितपुर को गिरफ्तार किया।




