टीबी अस्पताल परिसर में दुकानदारों का अतिक्रमण, जिला क्षयरोग अधिकारी ने जारी किया अंतिम नोटिस
ललितपुर। जिला क्षयरोग नियंत्रण केन्द्र (टीबी अस्पताल) परिसर और मुख्य गेट के बाहर दुकानदारों द्वारा किए गए अतिक्रमण को लेकर जिला क्षयरोग अधिकारी ने सख्त रुख अपनाया है। दुकानदारों को अंतिम नोटिस जारी कर अवैध रूप से रखे सामान और अतिक्रमण को दो दिन के अंदर हटाने के निर्देश दिए हैं।
नोटिस में कहा गया है कि परिसर में सामान रखे होने और गेटों पर अतिक्रमण के चलते मरीजों को जांच एवं उपचार के दौरान बैठने और आने-जाने में परेशानी हो रही है। इससे पहले 21 सितंबर को भी नोटिस जारी किया गया था, लेकिन अतिक्रमण नहीं हटाया गया।
दो दिन में अतिक्रमण नहीं हटाया तो होगी कार्रवाई। जिला क्षयरोग अधिकारी ने चेतावनी दी है कि निर्धारित समय में सामान नहीं हटाने पर नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी और कोतवाली प्रभारी को वैधानिक कार्रवाई के लिए सूचित किया जाएगा।




