उत्तर प्रदेश

गुरसराय में शराब के ठेके के विरोध में महिलाओं का हंगामा, दुकान में घुसकर सड़क पर फेंकी शराब

 

गुरसराय (झांसी)। नगर एवं थाना क्षेत्र के नारायणपुरा मोहल्ले में शराब के ठेके को लेकर महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित महिलाओं ने शराब के ठेके में घुसकर वहां रखी शराब की बोतलें और अन्य सामग्री बाहर निकालकर सड़क पर फेंक दी और उन्हें नष्ट कर दिया। अचानक हुए इस घटनाक्रम से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

 

महिलाओं का आरोप है कि मोहल्ले में शराब का ठेका संचालित होने से क्षेत्र का माहौल खराब हो रहा है। ठेके से शराब खरीदकर लोग मोहल्ले में ही शराब पीते हैं और नशे की हालत में घर पहुंचकर अपनी पत्नियों के साथ लड़ाई-झगड़ा और मारपीट करते हैं। इससे परिवारों में आए दिन विवाद की स्थिति बनी रहती है। महिलाओं का कहना है कि शराब के कारण बच्चों और परिवारों पर भी बुरा असर पड़ रहा है।

 

इसी समस्या से नाराज होकर महिलाओं ने एकजुट होकर शराब के ठेके के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया और ठेका हटाने की मांग उठाई। महिलाओं ने स्पष्ट कहा कि रिहायशी मोहल्ले में शराब का ठेका होने से आए दिन परेशानी होती है। उन्होंने प्रशासन से मामले में हस्तक्षेप कर ठेके को मोहल्ले से हटवाने की मांग की है।

गुरसराय से सोम मिश्रा की रिपोर्ट

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!