ललितपुर के युवक की मध्य प्रदेश में मौतः ट्रैक्टर पलटने से हादसा, बीएससी नर्सिंग का छात्र था मृतक
ललितपुर के मड़ावरा थाना क्षेत्र के ग्राम डोंगरा खुर्द निवासी 20 वर्षीय युवक की मध्य प्रदेश में ट्रैक्टर पलटने से मौत हो गई। रविवार को वह घर से ट्रैक्टर लेकर निकला था। देर शाम उसका अंतिम संस्कार किया गया।
जानकारी के अनुसार, मृतक सोनू (20) पुत्र मिशन सिंह राजा रविवार को भूसा बनाने वाला ट्रैक्टर लेकर मध्य प्रदेश के सुरखी जा रहा था। ग्राम बिलोनी-कुल्ल के समीप अचानक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में सोनू की मौके पर ही मौत हो गई।
रविवार देर शाम जब सोनू का शव गांव पहुंचा, तो पूरे गांव में शोक का माहौल छा गया। सैकड़ों ग्रामीणों ने उसके अंतिम संस्कार में भाग लिया।
बताया गया कि सोनू तीन भाइयों में सबसे छोटा था। वह बीएससी नर्सिंग की पढ़ाई कर रहा था और साथ ही खेती-किसानी के काम में भी हाथ बंटाता था। होनहार बेटे की असमय मौत से परिवार गहरे सदमे में है।




