ललितपुर के तालबेहट में दो बाइक टकराईं, चार लोग घायलः दो महिलाएं गंभीर, सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया
मेडिकल कॉलेज रेफर किया ललितपुर जिले के तालबेहट कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत मुकटोरा मार्ग पर दो मोटरसाइकिलों की टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में दो महिलाओं सहित चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना 11 मई 2026 सोमवार की रात करीब 8 बजे हुई।
स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तालबेहट लाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें प्राथमिक उपचार दिया। घायलों की पहचान मुकटोरा गांव निवासी जगदीश (65), राधा (45), महेश (48) और हरबू (65) के रूप में हुई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, जगदीश तेज गति से बाइक चला रहा था और उसने पीछे से दूसरी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। जगदीश और महेश एक ही बाइक पर सवार थे, जबकि दूसरी बाइक पर राधा और हरबू नामक दो महिलाएं थीं।
डॉक्टर सूरज ने बताया कि महेश और बुजुर्ग महिला हरबू की हालत गंभीर है। प्राथमिक उपचार के बाद, चारों घायलों को बेहतर इलाज के लिए जिला मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है।




