एडीएम के स्थानान्तरण के पश्चात आयोजित हुआ विदाई/सम्मान समारोह
ललितपुर। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अंकुर श्रीवास्तव के मुरादाबाद स्थानांतरण के पश्चात जिलाधिकारी सत्य प्रकाश की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में भव्य विदाई/सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सभी अधिकारियों और प्रबुद्धजनों ने अपर जिलाधिकारी के कार्यकाल के अनुभवों और उनकी उत्कर्ष कार्यशैली के बारे में अपने विचार प्रकट किए और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी के कार्यकाल, उनके व्यक्तित्व और ऊर्जावान कार्यशैली के बारे में बताया, उन्होंने एसआईआर और निर्वाचन जैसे उदाहरण देते हुए उनकी कार्यक्षमता को अधीनस्थों के लिए मार्गदर्शी बताया और नए अधिकारियों को उनके अनुभव से सीखने की सलाह दी। जिलाधिकारी ने कहा कि अधिकारी होते हुए यदि आपके अधीनस्थ ऊर्जावान ओर सकारात्मक हैं तो विभाग के उच्चाधिकारी जिले में आसानी से कार्य करते हैं। अपर जिलाधिकारी भी ऐसे ही ऊर्जावान व्यक्तित्व के धनी हैं, ये जहां भी अपनी सेवाएं देंगे, इसका लाभ वहां की जनता को मिलेगा। जिले में रहते हुए अपर जिलाधिकारी ने अनेकों ऐसे साहस भरे काम किये हैं, जिसकी आज भी सराहना होती है, किसी भी रेश्क्यू ऑपरेशन के लिए ये हमेशा सबसे आगे खड़े रहते थे, विपरीत से विपरीत परिस्थियों में भी सहजता व सरलता से कार्य करते रहे। जिलाधिकारी ने उनके उज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी।
अपर जिलाधिकारी अंकुर श्रीवास्तव ने जिले में अपने अनुभवों को साझा करते हुए कहा कि आज ऐसा लग रहा है कि कल ही ललितपुर में हमने ज्वाइन किया है, ललितपुर में रहते हुए यहां के अधिकारियों, पत्रकार बंधुओं, व्यापार बंधुओं और आमजनता के साथ काम करने का मौका मिला, इन यादों को साथ लेकर नई जिम्मेदारी को निभायेंगे। उन्होंने कहा कि अधिकारी के रूप में यह जरूरी है कि हम स्थानीय लोगों से जुड़ें, क्योंकि स्थानीय समस्या का सबसे अच्छा निराकरण स्थानीय लोग ही दे सकते हैं। जिलाधिकारी का मार्गदर्शन हमेंशा हमारे साथ रहा है, यदि मुखिया का निर्देशन कुशल हो तो पूरी टीम उसी दिशा में कार्य करती है। उन्होंने बताया कि निकट भविष्य में तकनीक इतनी उन्नत होगी कि मनुष्य की प्रतिस्पर्धा मनुष्य से नहीं बल्कि मशीन से होगी। इसलिए हमें मानवीय मूल्यों को अपने भीतर जिंदा रखना है। समय के साथ चलें, नए तौर तरीकों को सीखें तभी आप सर्वाइव कर पाएंगे। उन्होंने ललितपुर में अपने कार्यकाल के दौरान सभी अधिकारियों और कर्मचारियों और व्यापारी बंधुओं, संभ्रांत नागरिकों व आमजनों के साथ अनुभवों को साझा किया। सभी अधिकारी जनता से जुड़े और उनके लिए कार्य करें।
कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे संजय मिश्र, अपर जिलाधिकारी न्यायिक अशोक कुमार यादव, सभी उप जिलाधिकारी, तहसीलदार, जिला प्रोबेशन अधिकारी नन्दलाल सिंह, जिला बचत अधिकारी विवेक चतुर्वेदी, जिला विद्यालय निरीक्षक ओपी सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रणवीर सिंह, जिला सूचना अधिकारी डीएस दयाल, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी अर्पित जैन, चकबंदी अधिकारी अर्चना बाजपेयी, प्रशासनिक अधिकारी अनिल कुमार दीक्षित सहित कलैक्ट्रेट व अन्य सम्बंधित विभागों के अधिकारी/कर्मचारी, पत्रकारबंधु, गणमान्य नागरिक, व्यापारी बंधु आदि ने अपने-अपने विचार प्रकट किये। सभी उपजिलाधिकारियों ने एसआईआर के दौरान की गई लीडरशिप के बारे में बताया। समस्या और तनाव के दौरान किस प्रकार अपर जिलाधिकारी के कुशल नेतृत्व और दूरदर्शी मार्गदर्शन के बारे में बताया। सभी ने उनके उज्वल भविष्य की कामनाएं की। आने वाले समय की चुनौतियों के लिए अपार जिलाधिकारी का मार्गदर्शन हमेशा हमारे काम आता रहेगा। एक अधिकारी के तौर पर अपर जिलाधिकारी का टीम वर्क उत्कृष्ट रहा है। आईजीआईस निस्तारण प्रणाली में जिले को लगातार आगे बढ़ाया है। अधिकांश अधिकारियों ने देवगढ़ मधुमक्खी अटैक के रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान अपर जिलाधिकारी अंकुर श्रीवास्तव की बहादुरी और साहस की सराहना की गई और ऐसे अनेकों साहस भरे किस्सों को सुनाया।
सम्बोधन के बाद जिलाधिकारी व अन्य अधिकारी, कर्मचारी, पत्रकार, गणमान्य नागरिक, व्यापारी बंधु आदि ने अपर जिलाधिकारी को स्मृति चिन्ह, फूलमाला, सॉल आदि से सम्मानित किया और उनके उज्वल भविष्य की कामना की।
—————————————————–
सूचना विभाग ललितपुर द्वारा प्रसारित
प्रेस विज्ञप्ति संख्या 52, माह मई 2026




