फर्जी मेडिकल ऑफिसर की धमकी से युवक दहशत में, 90 हजार रुपये वसूले
नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का आरोप, जान से मारने की धमकी देने पर कोतवाली में मुकदमा दर्ज
ललितपुर। शहर कोतवाली क्षेत्र में खुद को मेडिकल ऑफिसर बताकर लोगों को नौकरी दिलाने का झांसा देने वाले एक कथित जालसाज के खिलाफ जबरन वसूली और धमकी देने का मामला सामने आया है। आरोपी पर आरोप है कि उसने अपनी सच्चाई उजागर होने से नाराज होकर एक युवक को धमकाया और डर के माहौल में उससे 90 हजार रुपये वसूल लिए। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कोतवाली में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार तुवन टीला निवासी धीरज कश्यप पुत्र छोटेलाल कश्यप ने बताया कि उनके मोहल्ले में भगवती चौरसिया के मकान में चन्दकीराम नामक व्यक्ति किराए पर रहता था, जो स्वयं को मेडिकल ऑफिसर बताता था। धीरज को जानकारी मिली कि आरोपी नौकरी लगवाने के नाम पर लोगों को झांसा देकर ठगी करता है। पीडि़त के अनुसार जब उसने यह बात कुछ परिचितों से कही, तो इसकी जानकारी आरोपी को लग गई। आरोप है कि 13 अप्रैल 2026 को तुवन मंदिर के पीछे आरोपी ने उसे रोक लिया और गाली-गलौज करते हुए खुद को इटावा का बदमाश बताते हुए पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। धीरज कश्यप ने बताया कि आरोपी ने जान से मारने की धमकी देकर एक लाख रुपये की मांग की। परिवार और बच्चों की सुरक्षा को लेकर डरे हुए धीरज ने आरोपी को ऑनलाइन माध्यम से 90 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। घटना के बाद वह लंबे समय तक भय और तनाव में रहा। बाद में पिता के समझाने पर उसने पुलिस से शिकायत की। कोतवाली पुलिस ने आरोपी चन्दकीराम निवासी इटावा के खिलाफ बीएनएस की धारा 308(5) और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।




