योगी सरकार ने महिला सशक्तिकरण में पुनः दिया मिसाल
लखनऊ, उत्तर प्रदेश
उत्तर प्रदेश सरकार ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में महिलाओं के सशक्तिकरण का एक उल्लेखनीय उदाहरण फिर से पेश किया है। राजस्व प्रशासन के तीन अहम पदों पर महिला आईएएस अधिकारियों की नियुक्ति से यह स्पष्ट होता है कि प्रदेश में महिला नेतृत्व को बढ़ावा दिया जा रहा है। इस कड़ी में आईएएस अपर्णा यू पहले से ही प्रमुख सचिव राजस्व विभाग के रूप में कार्यरत हैं, वहीं आईएएस अर्चना अग्रवाल को राजस्व परिषद उत्तर प्रदेश का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इसके अतिरिक्त, आईएएस कंचन वर्मा राजस्व परिषद में सचिव एवं आयुक्त पद पर तैनात हैं।
1990 बैच की वरिष्ठ आईएएस अधिकारी अर्चना अग्रवाल वर्तमान में अपर मुख्य सचिव परिवहन विभाग तथा उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की अध्यक्ष हैं। प्रशासनिक क्षेत्र में वर्षों के अनुभव और नेतृत्व कौशल के कारण उन्हें राजस्व परिषद की अध्यक्षता सौंपी गई है, जो राज्य की एक महत्वपूर्ण संस्था है।
राजस्व विभाग की नीतिगत और प्रशासनिक जिम्मेदारियां मुख्य रूप से आईएएस अपर्णा यू के नेतृत्व में संचालित हो रही हैं। अपर्णा यू ने वर्ष 2001 में आईएएस की ट्रेनिंग पूरी की और तब से प्रदेश के राजस्व विभाग में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। यह विभाग भूमि, भू-अभिलेख, अधिग्रहण और राजस्व मामलों के संचालन और नीतिगत दिशा-निर्देशों के लिए उत्तरदायी है।
इसके अलावा, 2005 बैच की आईएएस कंचन वर्मा राजस्व परिषद उत्तर प्रदेश में सचिव एवं आयुक्त के पद पर कार्यरत हैं, जिनका प्रशासनिक संचालन और विभिन्न मामलों के निस्तारण में महत्वपूर्ण योगदान है।
यह निर्णय प्रदेश सरकार की महिलाओं को उच्च प्रशासनिक पदों पर नियुक्ति नीति को दर्शाता है। इससे न केवल महिला सशक्तिकरण को बल मिलेगा, बल्कि शासन व्यवस्था में भी सुधार आएगा। प्रदेश सरकार अपने विभिन्न विभागों, आयोगों और निगमों में महिला अधिकारियों को निभाने के लिए अहम जिम्मेदारियां लगातार सौंप रही है।
राजस्व परिषद उत्तर प्रदेश में भूमि विवाद, राजस्व अपील और अन्य महत्वपूर्ण मामलों का समाधान किया जाता है। ऐसे में परिषद के अध्यक्ष, प्रमुख सचिव और सचिव स्तर पर महिला अधिकारियों की उपस्थिति प्रशासनिक दक्षता और पारदर्शिता को बढ़ावा देगी। यह कदम प्रदेश में महिला नेतृत्व के क्षेत्र में एक नयी मिसाल कायम करेगा।
Edited By : Chetan Gour




