मड़ावरा में किशोर को सांप ने काटाः घर में घुसे सर्प ने पैर पर हमला किया, सीएचसी में भर्ती
ललितपुर के मड़ावरा तहसील क्षेत्र के ग्राम दलपतपुर में रविवार शाम एक 14 वर्षीय किशोर को सांप ने काट लिया। उसकी तबीयत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मड़ावरा में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार, दलपतपुर निवासी शिवम (14) पुत्र भागीरथ विश्वकर्मा रविवार शाम करीब 7:30 बजे अपने घर पर मौजूद था। इसी दौरान लगभग दो फीट लंबा एक सांप घर के अंदर घुस आया और उसने शिवम के पैर में काट लिया। सांप के काटते ही किशोर चीखने लगा। आवाज सुनकर परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे और बिना देर किए उसे उपचार के लिए सीएचसी मड़ावरा ले गए।
अस्पताल में डॉक्टरों ने उसका प्राथमिक उपचार शुरू कर दिया है। चिकित्सकों के अनुसार, फिलहाल किशोर की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यक जांच के लिए उसके रक्त के नमूने भी लिए गए हैं।
सीएचसी मड़ावरा के डॉक्टर बृजकिशोर ने बताया कि किशोर के रक्त परीक्षण कराए जा रहे हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे का उपचार किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि यदि उसकी हालत में अपेक्षित सुधार नहीं होता है, तो उसे बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज ललितपुर रेफर किया जाएगा। किशोर फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में भर्ती है।




