ललितपुर में बांधों और तालाबों का जलस्तर बढ़ा, बांधों के गेट खुले
ललितपुर। तेज बारिश के बाद जिले में बांधों और तालाबों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। जलस्तर बढ़ने के चलते उटारी बांध के सभी 5 गेट खोल दिए गए हैं, जिससे अतिरिक्त पानी की निकासी तेज हो गई है। प्रशासन की ओर से निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से सतर्कता बरतने की अपील की गई है।
वहीं, कचनौदा बांध के देर रात तीन गेट खोले गए। तेज बारिश के बाद बांध में बढ़े जलस्तर को देखते हुए अतिरिक्त पानी की निकासी की जा रही है। आसपास के लोगों को सावधानी बरतने और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की गई है।
इधर बार क्षेत्र के बक्षसागर तालाब का जलस्तर करीब 6 फीट पहुंच गया है। तालाब की क्षमता 9 फीट बताई जा रही है और जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। पिछले वर्ष भी बक्षसागर तालाब के जलस्तर बढ़ने से इसके फटने का खतरा मंडराया था, जिसके चलते इस बार भी स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
लगातार बारिश के बीच जलस्तर बढ़ने से निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।




