ललितपुर के अस्पतालों में 10-20 सालों से कार्यरत सफाई कर्मचारियों का फूटा दर्द, UPCOS निगम में समायोजन की मांग को लेकर सौंपा ज्ञापन
ललितपुर। जनपद के विभिन्न सरकारी अस्पतालों (पुरुष अस्पताल, महिला अस्पताल एवं मेडिकल कॉलेज) में पिछले 10 से 20 वर्षों से निरंतर सेवाएं दे रहे सफाई कर्मचारियों और सुपरवाइजरों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश सरकार के नाम जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा है।
कर्मचारियों ने बताया कि वे वर्षों से डेली वेज और विभिन्न ठेकेदार एजेंसियों के माध्यम से ईमानदारी से अपनी सेवाएं देते आ रहे हैं। वर्तमान में वे BSS एजेंसी लखनऊ के माध्यम से कार्य कर रहे हैं।
नियमों के बावजूद प्राइवेट एजेंसी के भरोसे पीड़ित कर्मचारी
कर्मचारियों का आरोप है कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा आउटसोर्स कर्मचारियों के हित के लिए बनाए गए ‘UPCOS निगम’ में पुराने और अनुभवी कर्मचारियों को प्राथमिकता देने का नियम है। इसके बावजूद ललितपुर में 10 से 20 सालों से कार्यरत अनुभवी सफाई कर्मचारियों और सुपरवाइजरों को दरकिनार कर प्राइवेट एजेंसी के भरोसे छोड़ दिया गया है, जबकि नए लोगों को रखा जा रहा है।
कर्मचारियों की मुख्य मांगें:
निगम में तत्काल समायोजन: 10 से 20 वर्ष से कार्यरत समस्त सफाई कर्मचारियों एवं सुपरवाइजरों को प्राइवेट एजेंसी से हटाकर UPCOS निगम / LMS पोर्टल पर तत्काल समायोजित किया जाए।
रोजगार की सुरक्षा: जब तक निगम में समायोजन की प्रक्रिया पूरी नहीं हो जाती, तब तक किसी भी कर्मचारी को नौकरी से न हटाया जाए।
पीड़ित कर्मचारियों ने गुहार लगाते हुए कहा कि वे सभी बेहद गरीब परिवार से आते हैं और पिछले 20 वर्षों से इसी नौकरी के भरोसे अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई है कि प्रशासन और सरकार उनकी इस पीड़ा को समझते हुए जल्द ठोस कदम उठाएगी।




