नवरात्रि के पहले दिन मंदिर से लौट रही महिला का मंगलसूत्र छीना
जल चढ़ाकर घर जाते समय बदमाश ने दिया वारदात को अंजाम, पीड़िता ने कोतवाली में की शिकायत
ललितपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र में शारदीय नवरात्रि के पहले दिन मंदिर में जल चढ़ाकर घर लौट रही एक महिला के गले से बदमाश मंगलसूत्र छीनकर फरार हो गया। अचानक हुई इस वारदात से महिला घबरा गई। घटना के बाद पीड़िता ने सदर कोतवाली पहुंचकर पुलिस से शिकायत की।
प्राप्त जानकारी अनुसार कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला चौबयाना नम्बर -1 निवासी एक महिला नवरात्रि के पहले दिन सुबह 5:30 बजे रघुनाथ बड़ा मंदिर में जल चढ़ाने के बाद घर लौट रही थी। इसी दौरान एक बदमाश ने उसके गले से मंगलसूत्र छीन लिया और मौके से भाग निकला। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे लेकिन तब तक बदमाश फरार हो चुका था। पीड़िता ने कोतवाली में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।



