हाईवे पर खड़े ट्रक से डीजल और नकदी चोरी, विरोध करने पर चालक-परिचालक को धमकी
डीजल टैंक का ढक्कन तोड़कर निकाला तेल, सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई घटना
ललितपुर। हाईवे पर खड़े ट्रक को निशाना बनाकर चार अज्ञात लोगों ने डीजल और नकदी चोरी कर ली। आरोप है कि ट्रक के डीजल टैंक का ढक्कन तोड़कर तेल निकाला जा रहा था। इसी दौरान सो रहे चालक और परिचालक की आंख खुल गई। उन्होंने विरोध किया तो आरोपियों ने ट्रक में रखे रुपये चोरी कर लिए और नकदी लेकर फरार हो गए। घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई।
प्राप्त जानकारी अनुसार ट्रक स्वामी बलराम शर्मा निवासी मोहल्ला आजादपुरा कोतवाली सदर ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उसका ट्रक यूपी 94-टी-5741 कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत हाईवे पर एक गैरेज के पास खड़ा था। ट्रक पर चालक रानू पुत्र हरदेव सिंह और परिचालक जहीर पुत्र नूर खां निवासीगण कस्बा व थाना जाखलौन ट्रक में सो रहे थे। आरोप है कि सुबह करीब 4:30 बजे चार अज्ञात लोग वहां पहुंचे और ट्रक के डीजल टैंक का ढक्कन तोड़कर डीजल चोरी करने लगे। आहट होने पर चालक और परिचालक की आंख खुल गई। उन्होंने आरोपियों का विरोध किया तो आरोपियों ने गाली देते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद ट्रक में रखी नकदी चोरी कर आरोपी मौके से फरार हो गए। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई है। उन्होंने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।




