जनगणना-2027 के प्रशिक्षण से 6 कर्मचारी रहे गायब
भारत की जनगणना-2027 के सफल एवं सुचारु संचालन को लेकर नगर पालिका परिषद, ललितपुर में 27 से 29 अक्टूबर 2026 तक प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण आयोजित किया जा रहा है। जिलाधिकारी द्वारा जनगणना कार्य का शुभारंभ किए जाने के उपरांत फील्ड ट्रेनरों द्वारा प्रतिदिन प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। इसी क्रम में 27 एवं 28 अक्टूबर को आयोजित प्रशिक्षण में छह प्रशिक्षणार्थी अनुपस्थित पाए गए।नगर पालिका परिषद प्रशासन ने जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए अनुपस्थित कर्मचारियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई के लिए उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया है। साथ ही, इस संबंध में जिलाधिकारी को भी रिपोर्ट प्रेषित की गई है।प्रशिक्षण में अनुपस्थित पाए गए कर्मचारियों में अभिषेक शर्मा, आशुतोष कुमार तिवारी, बलवीर यादव, दिनेश कुमार, अमर कुमार विश्वकर्मा एवं अंशुवाला तिवारी शामिल हैं। प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण कार्य में सभी संबंधित कार्मिकों की सहभागिता एवं जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करना आवश्यक है। प्रशिक्षण में अनुपस्थित रहने के मामले में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों को सूचना दी गई है। प्रशिक्षण के दौरान जिला जनगणना प्रभारी प्रत्यूष यादव, जनगणना लिपिक हबीब खान, जनगणना सह लिपिक अमित पाराशर, मास्टर ट्रेनर अंकित सिंह एवं प्रत्यूष पंचौरी, फील्ड ट्रेनर शक्ति सिंह अहिरवार, कल्याण सिंह, आदर्श रावत, सौरभ चौरसिया, अनिल कुमार विश्वकर्मा, भगवान सिंह, वीरेन्द्र कुमार, अभिषेक साहू सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




