बालाजी मंदिर चोरी का खुलासा: जखौरा पुलिस ने दो शातिर चोरों को दबोचा, मुकुट-छत्र व 29 घंटे बरामद
ललितपुर। थाना जखौरा पुलिस ने ग्राम थनवारा स्थित बालाजी सरकार मंदिर में हुई चोरी की वारदात का सफल खुलासा करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मंदिर से चोरी किए गए 29 पीतल के घंटे, सफेद धातु का मुकुट और छत्र बरामद किया है।
क्या था पूरा मामला
ग्राम थनवारा निवासी शिवकुमार भार्गव ने 27 अक्टूबर 2026 को थाना जखौरा में तहरीर देकर बताया था कि 26-27 अक्टूबर की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने गांव के बालाजी सरकार मंदिर का ताला तोड़ दिया। चोर मंदिर से पीतल के छोटे-बड़े कई घंटे और बालाजी सरकार का मुकुट व छत्र चुरा ले गए थे। पुलिस ने इस मामले में संबंधित धाराओं (मु0अ0सं0 266/2026 धारा 331(4), 305A BNS) में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
तीन टीमों के प्रयास से मिली सफलता
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार बाजपेई के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक कालू सिंह व क्षेत्राधिकारी सदर अजय कुमार के पर्यवेक्षण में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमों का गठन किया गया था। टीमों के लगातार प्रयासों के बाद जांच में दो आरोपियों के नाम सामने आए, जिन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर उनके पास से चोरी का पूरा माल बरामद कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण
रामसजीवन पुत्र सावनजी मोंगिया (उम्र लगभग 35 वर्ष), निवासी ग्राम सिंगेपुर, थाना महरौनी, जनपद ललितपुर।
एलेन्सी पुत्र जनेव मोंगिया (उम्र लगभग 25 वर्ष), निवासी ग्राम सिंगेपुर, थाना महरौनी, जनपद ललितपुर।
बरामद सामान
एक बोरी में रखे पीतल के छोटे-बड़े कुल 29 घंटे।
सफेद धातु का एक छत्र।
सफेद धातु का एक मुकुट।




