सोशल मीडिया पर पत्रकारों के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट, समुदाय में रोष
सोशल मीडिया पर पत्रकारों के खिलाफ अशोभनीय और आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग करते हुए की गई एक पोस्ट इन दिनों तेजी से वायरल हो रही है। वायरल पोस्ट में पत्रकारों को अपमानजनक शब्द कहे गए हैं, जिससे पूरे पत्रकार समुदाय में भारी आक्रोश व्याप्त है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह पोस्ट फेसबुक आईडी से साझा की गई है, जो पठा गांव निवासी रामलखन अहिरवार के नाम से बताई जा रही है। पोस्ट सामने आने के बाद पत्रकार संगठनों और स्थानीय पत्रकारों ने इसे न केवल पत्रकारिता की गरिमा पर हमला बताया है, बल्कि इसे सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाला कृत्य भी करार दिया है।
पत्रकारों का कहना है कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के खिलाफ इस तरह की अभद्र भाषा निंदनीय है और इससे समाज में गलत संदेश जाता है। उन्होंने मांग की है कि सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर नफरत और अपमान फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
मामले को लेकर संबंधित प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों से संज्ञान लेने की अपील की गई है। पत्रकार समुदाय ने स्पष्ट कहा है कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के नाम पर किसी भी वर्ग का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषी के खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।
फिलहाल प्रशासन की ओर से मामले की जांच की बात कही जा रही है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि पोस्ट किसने और किस उद्देश्य से साझा की, लेकिन पत्रकार समुदाय की एकजुट मांग है कि दोषी को कानून के दायरे में लाकर कड़ी सजा दी जाए।




