उत्तर प्रदेश
खेत में सोयाबीन काट रही महिला को सर्प ने डसा, मौत
ललितपुर। महरौनी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बजरा में मंगलवार को खेत में सोयाबीन की फसल काटते समय सर्पदंश से 35 वर्षीय महिला की मौत हो गई। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे महरौनी अस्पताल ले गए। इसके बाद झाड़-फूंक के लिए टीकमगढ़ स्थित बागाज माता मंदिर ले गए, जहां हालत और बिगड़ने पर दोबारा महरौनी अस्पताल लाया गया। चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतका थाना पाली क्षेत्र के ग्राम राधापुर निवासी सुखवती पत्नी किशन लाल थी। बताया गया कि सुबह करीब 11 बजे बजरा स्थित खेत में फसल काटते समय सर्प ने उसके पैर में डस लिया था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के एक पुत्र और एक पुत्री हैं।



