पक्षियों को पानी पिलाना उत्तम कार्य: डी एम,जलपात्र वितरण अभियान का डीएम ने किया शुभारंभ
भीषण गर्मी में बेजुबान पक्षियों को राहत पहुंचाने और गौरैया संरक्षण के उद्देश्य से तखत ग्रुप द्वारा चलाए जा रहे जलपात्र वितरण अभियान का रविवार को जिलाधिकारी सत्य प्रकाश ने अपने कैंप कार्यालय से विधिवत शुभारंभ किया। इस दौरान तखत ग्रुप के सदस्यों ने जिलाधिकारी का माल्यार्पण एवं शॉल भेंटकर स्वागत किया। कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण, जीव-जंतुओं के प्रति संवेदनशीलता और जनसहभागिता का संदेश दिया गया। मौके पर पीहू लखेरा व वैष्णवी लखेरा ने जिलाधिकारी सत्य प्रकाश को गौरैया जल पात्र भेंट किये।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी सत्य प्रकाश ने कहा कि पक्षियों को पानी की सेवा करना मानवता की सच्ची सेवा है। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के दौरान पक्षियों के सामने पानी का संकट उत्पन्न हो जाता है। ऐसे समय में समाज के लोग यदि अपने घरों, छतों, बालकनी और सार्वजनिक स्थलों पर जलपात्र रखें तो हजारों पक्षियों को जीवनदान मिल सकता है। उन्होंने कहा कि तखत ग्रुप की यह पहल समाज के लिए प्रेरणादायक है और अन्य सामाजिक संस्थाओं को भी ऐसे पुनीत कार्यों में आगे आना चाहिए। तखत ग्रुप के पदाधिकारियों ने बताया कि संस्था द्वारा प्रति वर्ष गर्मी के मौसम में जलपात्र वितरण अभियान चलाया जाता है। इस वर्ष भी जिले के विभिन्न मोहल्लों, विद्यालयों, सार्वजनिक स्थलों एवं घरों में जलपात्र वितरित किए जाएंगे, जिससे गौरैया सहित अन्य पक्षियों को पानी उपलब्ध कराया जा सके। ।




