बैंक खाते से बिना जानकारी निकाले 4,500 रुपये, पीड़िता ने साइबर थाने में दी शिकायत
ललितपुर। कोतवाली सदर क्षेत्र के करीम नगर निवासी एक महिला के बैंक खाते से अज्ञात व्यक्ति द्वारा 4,500 रुपये निकालने का मामला सामने आया है। खाते से दो बार में हुई निकासी की जानकारी होने पर महिला ने साइबर थाने में शिकायत देकर रुपये वापस दिलाने और संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
कमरून निशा बेगम पत्नी मुहम्मद बफाती ने प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उनका खाता सेंट्रल बैंक की वर्णी कॉलेज शाखा में संचालित है। पांच नवंबर को वह बैंक में रुपये निकालने पहुंचीं और पासबुक में लेनदेन का विवरण देखा तो पता चला कि सात सितंबर 2026 को उनके खाते से पहली बार 2,000 रुपये और दूसरी बार 2,500 रुपये निकाल लिए गए। महिला के अनुसार, दोनों निकासी उनकी जानकारी के बिना की गईं। इससे खाते में महज 28.84 रुपये शेष रह गए हैं। पीड़िता ने साइबर थाना प्रभारी से मामले की जांच कर खाते से निकाली गई धनराशि वापस दिलाने और दोषी के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।


