रेलवे स्टेशन पर चेकिंग के दौरान पकड़ा गया शराब तस्कर
भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद
ललितपुर। जीआरपी पुलिस ने रेलवे स्टेशन पर चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से भारी मात्रा में अवैध देशी शराब बरामद की गई है, जिसे वह तस्करी के इरादे से ले जा रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जेल भेज दिया है। जीआरपी थाना प्रभारी निरीक्षक के निर्देशन में उपनिरीक्षक राजेश सिंह अपनी टीम के साथ सोमवार (4 मई) की रात करीब 12.15 बजे प्लेटफॉर्म नंबर एक पर गश्त कर रहे थे। इसी दौरान फुट ओवर ब्रिज के पास एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया, जो पुलिस को देखकर भागने की कोशिश करने लगा। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पकड़े गए युवक की पहचान मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले के ग्राम दरियापुर निवासी राजेश सिंह के रूप में हुई है। जब पुलिस ने उसके पास मौजूद बैग की तलाशी ली, तो उसमें से 90 शीशी अवैध देशी शराब (मसाला) बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी शराब से जुड़े कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका और उसने स्वीकार किया कि वह इसे ऊंचे दामों पर बेचने के लिए ले जा रहा था। जीआरपी पुलिस ने बरामद शराब को जब्त कर आरोपी राजेश सिंह के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60(1) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक राजेश सिंह के साथ हेड कांस्टेबल पुष्पेंद्र सिंह और कांस्टेबल वीरेंद्र सिंह शामिल रहे।




