तुलसी एक्सप्रेस में चोरी, चार्जिंग पर लगा यात्री का मोबाइल पार
ललितपुर। चलती ट्रेन में यात्रियों के सामान की सुरक्षा पर एक बार फिर सवालिया निशान खड़ा हो गया है। तुलसी एक्सप्रेस में सफर कर रहे एक यात्री का मोबाइल फोन उस समय चोरी हो गया जब वह सो रहा था। जीआरपी पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। मिर्जापुर जिले के ग्राम अकोढी निवासी रामेश्वर दुबे प्रयागराज से भोपाल जाने के लिए ट्रेन संख्या 22130 तुलसी एक्सप्रेस के कोच एस-9 में सफर कर रहे थे। पीडि़त ने पुलिस को बताया कि 16 अप्रैल की रात करीब 2.50 बजे उन्होंने अपना मोबाइल फोन चार्जिंग पर लगाया और उसे सिर के पास बैग के नीचे रखकर सो गए। जब उनकी नींद खुली, तो मोबाइल वहां से गायब था। काफी खोजबीन के बाद भी जब मोबाइल नहीं मिला, तो पीडि़त ने ललितपुर स्टेशन पर जीआरपी को इसकी सूचना दी। चोरी गया मोबाइल सैमसंग गैलेक्सी एफ-17 (5जी) मॉडल बताया जा रहा है, जिसमें दो सिम कार्ड लगे थे। पीडि़त के अनुसार चोरी गए मोबाइल की कुल कीमत लगभग 16,000 रुपये है। जीआरपी ललितपुर ने पीडि़त रामेश्वर दुबे की तहरीर पर अज्ञात बदमाश के खिलाफ बीएनएस की धारा 305(सी) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।



