कुत्तों के हमले से हिरन के बच्चे की गई जान
मड़ावरा में वन बीट से भटककर घनी आबादी में पहुंचा था वन्यजीव ललितपुर जिले के मड़ावरा रेंज में एक हिरन के बच्चे की कुत्तों के हमले से मौत हो गई। गुरुवार सुबह मदनपुर वन बीट से भटककर यह हिरन का बच्चा मदनपुर गांव की घनी आबादी में पहुंच गया था, जहां आवारा कुत्तों ने उस पर हमला कर दिया। ग्रामीणों ने घायल हिरन को बचाया और वन विभाग को सूचना दी।
जानकारी के अनुसार, गांव में पहुंचते ही कुत्तों के एक झुंड ने हिरन के बच्चे को घेर लिया और उसे नोंचना शुरू कर दिया। काफी देर तक चले इस हमले के बाद ग्रामीणों ने शोर मचाकर कुत्तों को भगाया और गंभीर रूप से घायल हिरन के बच्चे को बचाया।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। वनकर्मियों ने घायल हिरन के बच्चे को अपने कब्जे में लेकर तुरंत उपचार शुरू किया। हालांकि, चोटें इतनी गहरी थीं कि कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई।
वन क्षेत्राधिकारी अशोक कुमार यादव ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम ने त्वरित कार्रवाई की थी। घायल हिरन का उपचार भी कराया गया, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। शव का नियमानुसार पोस्टमार्टम कराने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की गई हैस्थानीय निवासी मयंक राजा ने बताया कि संभवतः हिरन का बच्चा अपने झुंड से बिछड़कर जंगल से गांव की ओर आ गया होगा। गांव के पास ही आवारा कुत्तों के झुंड ने उसे घेर लिया था।
वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि जंगल से भटके किसी भी वन्यजीव को देखते ही तुरंत विभाग को सूचित करें और स्वयं उससे छेड़छाड़ न करें।




