नोएडा

पाकिस्तान से विस्थापित 1645 परिवारों को भूमिधरी अधिकार पत्र देंगे मुख्यमंत्री योगी

बिजनौर, उत्तर प्रदेश। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश के शोषित-वंचित वर्ग और विस्थापित परिवारों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास लगातार जारी है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री सोमवार को पाकिस्तान से विस्थापित 1645 परिवारों को भूमिधरी अधिकार पत्र प्रदान करेंगे। यह कार्यक्रम बिजनौर के आलमपुर गांवड़ी, अफजलगढ़ एवं धामपुर में आयोजित होगा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस मौके पर 50 पूर्व सैनिकों और लीजधारकों को भी लाभ देंगे। इसके अतिरिक्त, प्रधानमंत्री आवास योजना और मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के अंतर्गत लाभार्थियों को आवंटन पत्र तथा चेक वितरित किए जाएंगे। वहीं, कॉमन सर्विस सेंटर और स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा संचालित विदुर प्रेरणा कैफे का भी उद्घाटन किया जाएगा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रयासों से प्रदेश के विस्थापित तथा शोषित समुदायों को न केवल आर्थिक सुरक्षा मिल रही है, बल्कि उनको सम्मानजनक जीवन भी दिया जा रहा है। पिछली बार अप्रैल महीने में लखीमपुर खीरी में बांग्लादेश से विस्थापित 331 परिवारों को भूमिधरी अधिकार पत्र वितरित किए गए थे। इसके साथ ही पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में भूमि क्षरण से प्रभावित 2350 परिवारों एवं थारू जनजाति के 4356 परिवारों को भी भौमिक अधिकार दिए गए हैं।

मार्च में बहराइच के ग्राम पंचायत सेमरहना में 118 लाभार्थियों को राहत राशि और कृषि भूमि के समतुल्य संपत्ति का वितरण भी मुख्यमंत्री योगी द्वारा किया जा चुका है। इसके तहत 136 परिवारों को आवास, शौचालय और भूमि के पट्टे भी दिए गए हैं।

इस प्रकार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लगातार प्रदेश में विस्थापित, शोषित और वंचित वर्ग को मुख्यधारा से जोडऩे तथा उनकी भलाई के लिए व्यापक योजनाओं को प्रभावी रूप से लागू कर रहे हैं। इससे प्रदेश में सामाजिक समरसता और विकास की गति तेज हुई है।

इस कार्यक्रम से जुड़े स्थानीय लोग और लाभार्थी मुख्यमंत्री योगी के इस कदम को स्वागत योग्य बता रहे हैं, जो उनके लिए जीवन में नए अवसर और सुरक्षा प्रदान करेगा।

Source

Related Articles

error: Content is protected !!