पहली कैबिनेट बैठक में CM विजय ने भ्रष्टाचार पर बोला सर्जिकल स्ट्राइक, लिया बड़ा फैसला
तामिलनाडु, भारत
तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) सरकार के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय की अध्यक्षता में शुक्रवार को सचिवालय में पहली कैबिनेट बैठक का आयोजन किया गया। करीब एक घंटे से अधिक चली इस बैठक में विभिन्न विभागों की नई परियोजनाओं और योजनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री जोसेफ विजय ने भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए राज्य के विकास को गति देने के लिए अहम निर्णय लिए।
इस बैठक की शुरुआत में ही मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि विकास के कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। ऊर्जा संसाधन एवं कानून मंत्री सीटीआर निर्मल कुमार ने बताया कि इस बैठक में कुल 436 नई परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है। इन परियोजनाओं के माध्यम से तमिलनाडु के विभिन्न इलाकों में विकास कार्यों को तेज किया जाएगा।
मुख्यमंत्री विजय को सूचित किया गया था कि कुछ सरकारी विभागों में धन का दुरुपयोग और हेरफेर हो रहा है। विशेष रूप से तमिलनाडु राज्य विपणन निगम (TASMAC) की शराब बिक्री से जुड़ी गड़बड़ियों और अनौपचारिक वसूली की जानकारी मिली थी। इसके बाद मुख्यमंत्री ने TASMAC के थोक और खुदरा नेटवर्क में लंबित नकद वसूली प्रणाली को समाप्त करने के आदेश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शराब बिक्री से प्राप्त हर रुपए की सही तरह से जांच और जमा सुनिश्चित की जाए, ताकि राज्य के खजाने का शोषण न हो।
महिलाओं और मछुआरा समुदाय का विशेष ध्यान
कैबिनेट बैठक में युवाओं के सशक्तिकरण, महिलाओं के कल्याण और मछुआरा समुदाय के विकास को भी प्राथमिकता दी गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज के इन वर्गों की बेहतर स्थिति के लिए समर्पित योजनाएं लागू की जाएंगी। मंत्री निर्मल कुमार ने बताया कि संबंधित विभाग मंत्रियों को स्पष्ट लक्ष्य दिए गए हैं ताकि योजनाएं प्रभावी और समयबद्ध तरीके से क्रियान्वित हो सकें।
नशामुक्त तमिलनाडु का संकल्प
मुख्यमंत्री की अगुवाई में राज्य को नशामुक्त बनाने का संकल्प भी लिया गया। उल्लेखनीय है कि तमिलनाडु में अब तक 717 से अधिक शराब की दुकानों को बंद किया जा चुका है। मंत्री निर्मल कुमार ने बताया कि नशे के खिलाफ कड़ा अभियान चला कर सिंथेटिक ड्रग्स जैसे गांजा और मेथामफेटामाइन के प्रचलन को समाप्त करने का प्रयास जोर शोर से किया जा रहा है। पुलिस विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि वे इस खतरे को पूरी तरह खत्म करें।
गुटखा और प्रतिबंधित पदार्थों पर भी सख्त कार्रवाई
सरकार ने गुटखा बेचने वाले दुकानदारों के खिलाफ भी कार्रवाइयों को तेज कर दिया है। केवल मदुरै में एक सप्ताह के भीतर 24 से अधिक गुटखा दुकानों को बंद किया गया है। इसके साथ ही सिंथेटिक ड्रग्स की तस्करी में शामिल व्यक्तियों को गुंडा एक्ट के तहत दंडित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री विजय ने बैठक में यह भी कहा कि तमिलनाडु में विकास और सामाजिक सुधार के लिए नई योजनाएं बनाई जाएंगी और उन्हें शीघ्रता से लागू किया जाएगा। विकास कार्यों में पारदर्शिता और भ्रष्टाचार समाप्ति ही इस सरकार की प्राथमिकता होगी।
इस प्रकार पहली कैबिनेट बैठक में मुख्यमंत्री विजय ने भ्रष्टाचार पर सर्जिकल स्ट्राइक लगाते हुए प्रदेश के विकास के लक्ष्य निर्धारित किए हैं, जो राज्यवासियों के लिए शुभ संकेत हैं।
रिपोर्टः सुदीप शर्मा




