जैन संतों का मड़ावरा नगर में हुआ मंगल आगमन
मड़ावरा में इस वर्ष वर्षायोग चातुर्मास हेतु बृहस्पतिवार को दिगम्बर जैन संतों का मंगल आगमन हुआ जिनकी सकल दिंगबर जैन समाज द्वारा उत्साहपूर्वक अगवानी की गई।आचार्य समय सागर के मंगल आशीर्वाद से मुनि निर्मद सागर, एवं मुनि नीरज सागर का वर्षायोग चातुर्मास कस्बे में सुनिश्चित होने से जैन समुदाय में काफी हर्ष का माहौल है। दोनों जैन संत छत्तीसगढ़ राज्य के राजनांदगांव से करीब 600 किलोमीटर का पदविहार कर गुरुवार अपराह्न मड़ावरा पहुंचे। संतों के अगवानी के लिए जैन समुदाय बड़ी संख्या में मड़ावरा गिरार मार्ग पर स्थित दयोदय गौशाला पहुंचा जहां भक्तिभाव एवं ढोल ताशों के साथ अभिनन्दन किया गया। संतों द्वारा गौशाला परिसर पहुंचकर व्यवस्थाओं का अवलोकन किया गया जिसके बाद एक वृहद शोभायात्रा मुख्यमार्ग से होकर महावीर विद्याविहार पहुंची जहां स्थित सभागार में मुनिसंघ के विराजमान होने के बाद 600 किलोमीटर से लगातार पदविहार करवाने वाले श्रद्धालुओं का चातुर्मास समिति द्वारा सम्मान किया गया। अगवानी स्वागत श्रृंखला में नवयुवतियों का दिव्यघोष आकर्षण का केंद्र रहा वहीं विभिन्न समाजसेवी संस्थाओं के सदस्य भी अपने सुंदर गणवेश में रहे इस दौरान नगर समेत क्षेत्रीय सकल दिगम्बर जैन समाज मौजूद रहा।




