13 अगस्त को धूमधाम से मनेगी राष्ट्रवीर दुर्गादास राठौर की 388वीं जयंती
राठौर क्षत्रिय समाज की नई कार्यकारिणी घोषित चन्द्रशेखर बने जिलाध्यक्ष, नीलेश्वर राठौर महामंत्री
13 अगस्त को धूमधाम से मनेगी राष्ट्रवीर दुर्गादास राठौर की 388वीं जयंती, रक्तदान शिविर व मेधावी सम्मान का होगा आयोजन
ललितपुर। जिला राठौर क्षत्रिय समाज की साधारण सभा शनिवार को जेल चौराहा स्थित एक निजी प्रतिष्ठान में आयोजित की गई। बैठक में संगठन के रिक्त पड़े जिलाध्यक्ष एवं महामंत्री पद पर सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। समाज के वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं सदस्यों की मौजूदगी में चन्द्रशेखर राठौर को जिलाध्यक्ष तथा नीलेश्वर राठौर ‘नीलू’ को जिला महामंत्री मनोनीत किया गया। नवमनोनीत पदाधिकारियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष चन्द्रशेखर राठौर और महामंत्री नीलेश्वर राठौर ने कहा कि समाज को मजबूत और संगठित बनाने के लिए जल्द ही कार्यकारिणी का विस्तार एवं संगठन में आवश्यक फेरबदल किया जाएगा। समाजहित में सक्रिय और समर्पित युवाओं को संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी जाएंगी। बैठक में आगामी 13 अगस्त को राष्ट्रवीर दुर्गादास राठौर की 388वीं जयंती भव्य रूप से मनाने का निर्णय लिया गया। जयंती समारोह के दौरान मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान, विशाल रक्तदान शिविर, समाज के वरिष्ठ समाजसेवियों का अभिनंदन तथा छात्र-छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी। आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री मनोहर लाल पंथ (मन्नू कोरी), सांसद डॉ. अनुराग शर्मा, सदर विधायक रामरतन कुशवाहा, जिला पंचायत अध्यक्ष कैलाशनारायण निरंजन, नगर पालिका अध्यक्ष सोनाली जैन, भाजपा जिलाध्यक्ष पं. हरिश्चन्द्र रावत तथा भाजपा नगर अध्यक्ष भगत सिंह राठौर सहित अनेक जनप्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रेस क्लब अध्यक्ष पं. राजीव बबेले (सप्पू) करेंगे। बैठक में जिला प्रभारी रविशंकर राठौर (पूर्व पार्षद), विनोद राठौर (मुनीम), राजकुमार राठौर (धनतौली), धनीराम राठौर (रजवारा), राजकुमार राठौर, रामकुमार राठौर, शुभम कौशिक, अनिल कुमार सोनी सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन विनोद राठौर ने किया, जबकि अंत में शिब्बू राठौर (जिला मीडिया प्रभारी) ने सभी का आभार व्यक्त किया।




