हाईवे पर खड़े किसान को ट्रक ने मारी टक्कर, मौत
खाद लेने साथी के साथ जा रहा था किसान, हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार
ललितपुर। हाईवे-44 पर ग्राम गोना और अमझारा के बीच सोमवार शाम सड़क किनारे खड़े एक किसान को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में किसान गंभीर रूप से घायल हो गया। साथी उसे मध्य प्रदेश के सागर जिले के मालथोन अस्पताल ले गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर ललितपुर की ओर भाग गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी अनुसार नाराहट थाना क्षेत्र के ग्राम झारवटा निवासी 30 वर्षीय अंकुश पुत्र संतराम सोमवार शाम करीब चार बजे अपने साथी महेंद्र के साथ बाइक से खाद लेने ग्राम गोना जा रहा था। शाम करीब पांच बजे दोनों गोना और अमझारा के बीच पहुंचे। महेंद्र बाइक खड़ी कर बाथरूम करने चला गया, जबकि अंकुश बाइक के पास सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान सागर की ओर से आ रहे ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। हादसे के बाद महेंद्र, अपने साथी घायल अंकुश को मालथोन के अस्पताल ले गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजन रात करीब आठ बजे शव लेकर ललितपुर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। और मामले की जांच शुरू कर दी है।परिजनों ने बताया कि अंकुश खेती-किसानी करता था। वह दो भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा था। उसके पांच साल का एक बेटा है। खाद लेने के लिए घर से निकला अंकुश हादसे का शिकार हो गया। पुलिस ने बताया कि अज्ञात ट्रक की टक्कर से किसान की मौत हुई है। मामले की जांच की जा रही है।




