बिजली कटौती से नगरवासियों का हाल बेहाल, कभी-कभी पूरी रात नहीं आती बिजली
पाली(ललितपुर)
नगर पाली में इन दिनों बिजली कटौती से नगरवासियों का हाल बेहाल है। बारिश होते ही बिजली आपूर्ति बाधित होने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के दौरान इंसुलेटर फटने के कारण बिजली आपूर्ति प्रभावित होने की बात सामने आ रही है।बारिश के साथ ही बिजली गुल होने का सिलसिला शुरू हो जाता है। कभी-कभी तो पूरी रात बिजली नहीं आती, जिससे उमस और गर्मी के बीच लोगों को रात जागकर गुजारनी पड़ रही है। बिजली कटौती का असर घरों के साथ-साथ दुकानदारों और व्यापारियों के कामकाज पर भी पड़ रहा है।
नगरवासियों का कहना है कि बारिश के मौसम में बिजली व्यवस्था पहले से ही प्रभावित रहती है, लेकिन बार-बार और लंबे समय तक बिजली गुल रहने से परेशानी और बढ़ गई है। नागरिकों का सवाल है कि क्या पूरे बारिश माह में नगर एवं क्षेत्रवासियों को बिजली की इसी समस्या का सामना करना पड़ेगा,लोगों ने विद्युत विभाग से बारिश के मौसम को देखते हुए विद्युत व्यवस्था को दुरुस्त करने,फॉल्ट को जल्द ठीक करने तथा लंबे समय तक होने वाली बिजली कटौती से स्थाई राहत दिलाने की मांग की है।




