उत्तर प्रदेश

चलती ट्रेन में महिला यात्री का मोबाइल और नकदी से भरा पर्स चोरी

 

तालबेहट स्टेशन के पास सोते समय वारदात, करीब 33 हजार रुपये का सामान पार

जीआरपी ने अज्ञात के खिलाफ दर्ज किया मुकदमा

ललितपुर। ट्रेनों में यात्रियों के सामान की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। अमृतसर से रानी कमलापति (भोपाल) जा रही महिला यात्री के सोते समय अज्ञात बदमाश ने उसके बैग से कीमती मोबाइल फोन और नकदी से भरा पर्स चोरी कर लिया। घटना का पता ट्रेन के तालबेहट रेलवे स्टेशन के पास पहुंचने पर चला। पीड़िता की शिकायत पर जीआरपी थाना ललितपुर ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जीआरपी थाने में दर्ज मामले के अनुसार, भोपाल निवासी सुषमा सैनी पत्नी शैलेष सैनी, उम्र करीब 58 वर्ष, गत 10 अगस्त 2026 को अपनी जेठानी के साथ ट्रेन संख्या 11058 अमृतसर-सीएसएमटी एक्सप्रेस से यात्रा कर रही थीं। यात्रा के दौरान वह अपनी बर्थ पर सो रही थीं। 11 अगस्त 2026 की सुबह करीब 5.43 बजे ट्रेन जब तालबेहट रेलवे स्टेशन के पास पहुंची तो वह उठीं। फोन से किसी को कॉल करने के लिए जब उन्होंने अपना बड़ा बैग देखा तो उसके अंदर रखा महरून रंग का लेडीज साइड पर्स गायब मिला। पर्स की आसपास काफी तलाश की गई, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। पीड़िता को आशंका है कि नींद का फायदा उठाकर किसी अज्ञात बदमाश ने उनके बैग से पर्स निकाल लिया। चोरी हुए पर्स में सैमसंग गैलेक्सी ए 35 मोबाइल फोन, जिसमें जियो सिम कार्ड लगा हुआ था, तथा तीन हजार रुपये नकद रखे थे। चोरी गए सामान की कुल अनुमानित कीमत करीब 33 हजार रुपये बताई गई है। यात्रा पूरी करने के बाद टिकट और मोबाइल का बिल लेकर जीआरपी थाने में पहुंचकर घटना की शिकायत दर्ज कराई। जीआरपी थाना ने महिला की शिकायत के आधार पर अज्ञात चोर के खिलाफ बीएनएस की धारा 305(सी) के तहत मुकदमा दर्ज किया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!