शादी की खुशियां मातम में बदलीं, नहर में डूबने से दो युवकों की दर्दनाक मौत!
सामूहिक विवाह सम्मेलन में भाई की शादी में आ रहे दो युवकों की नहर में डूबकर मौत
रास्ते में दोस्तों के साथ राजघाट बांध की नहर में नहाने उतरे थे युवक, तेज बहाव में बह गए दोनों, गुना से ललितपुर आ रहे थे छह दोस्त
ललितपुर। मध्य प्रदेश के गुना जिले से ललितपुर में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह सम्मेलन में अपने बड़े भाई की शादी में शामिल होने आ रहे दो युवकों की नहर में डूबने से मौत हो गई। दोनों युवक अपने चार अन्य दोस्तों के साथ रास्ते में कोतवाली सदर क्षेत्र के ग्राम रानीपुरा के पास राजघाट बांध की नहर में नहाने के लिए उतरे थे। इसी दौरान पानी के तेज बहाव में दोनों डूब गए। घटना की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने बांध से पानी का बहाव बंद कराकर दोनों युवकों को बाहर निकलवाया। इसके बाद उन्हें 108 एंबुलेंस से जिला मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
प्राप्त जानकारी अनुसार मध्य प्रदेश के जिला गुना निवासी 19 वर्षीय नीरज पुत्र सिरनाम अपने दोस्तों 17 वर्षीय हनी पुत्र बलराम, 19 वर्षीय विकास वैरागी, 17 वर्षीय पवन कुशवाहा, 16 वर्षीय गौरव केवट और 22 वर्षीय शिवम सेन के साथ ललितपुर आ रहे थे। नीरज के बड़े भाई प्रशांत की मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह सम्मेलन में शादी होनी थी। सभी दोस्त शादी में शामिल होने के लिए आ रहे थे। बताया गया है कि रास्ते में कोतवाली सदर क्षेत्र के ग्राम रानीपुरा के पास राजघाट बांध की नहर में सभी दोस्त नहाने लगे। इसी दौरान अचानक पानी का तेज बहाव आने से नीरज और हनी गहरे पानी में डूब गए। दोनों को डूबता देख साथियों में चीख-पुकार मच गई। दोस्तों ने तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और नहर में पानी का बहाव बंद कराया। इसके बाद दोनों युवकों को बाहर निकलवाकर एंबुलेंस की मदद से जिला मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद साथ आए दोस्तों और परिजनों में शोक का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।




