हाईवे हादसे में दो युवकों की मौत, रेलवे स्टेशन से लौटते समय ट्रक ने रौंदा, 8 किमी दूर मिली बाइक
ललितपुर। राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर कस्बा बांसी के पास गुरुवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। हादसे के बाद दोनों मृतकों की शिनाख्त हो गई है। मृतकों में रानू (35) पुत्र बाबू कुशवाहा व राजू पुत्र संतोष कुशवाहा, दोनों निवासी ग्राम पुलवारा थाना बार शामिल हैं। बताया गया है कि रानू के दो छोटे बच्चे भी हैं।
प्राप्त जानकारी अनुसार, दोनों युवक ललितपुर रेलवे स्टेशन पर किसी परिचित को छोड़ने आए थे और वहां से वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान एनएच-44 पर बांसी कस्बे में पुलिस चौकी और पेट्रोल पंप के बीच झांसी की ओर जाते समय रात करीब साढ़े नौ बजे पीछे से आए तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। आशंका जताई जा रही है कि हादसे के दौरान बाइक ट्रक में फंस गई, जिसे चालक करीब आठ किलोमीटर तक घसीटता ले गया। बाद में बाइक ग्राम जमालपुर के पास क्षतिग्रस्त अवस्था में मिली, जबकि ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने रानू को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल राजू ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार अज्ञात ट्रक व उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है।




