गिरार में दो बाइकों की जोरदार भिड़ंतः मां-बेटे सहित चार घायल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती
ललितपुर के गिरार थाना क्षेत्र के कारीटोरन गांव में रविवार शाम दो बाइकों की जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में मां-बेटे सहित चार लोग घायल हो गए। सभी घायलों को मड़ावरा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।जानकारी के अनुसार, खुटगुंवा निवासी भूरे (38) पुत्र झलुवा अहिरवार अपनी मां जशोदा बाई (65) और सीरोंन निवासी रिश्तेदार जसू के साथ सौजना गांव से एक निमंत्रण से लौट रहे थे। वे तीनों एक बाइक पर सवार थे।
रविवार शाम जब वे कारीटोरन गांव के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रही एक अन्य बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। दूसरी बाइक का चालक कुसमांड निवासी साहब सिंह (38) पुत्र अमान सिंह था। इस दुर्घटना में दोनों बाइकों पर सवार सभी चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।
ग्रामीणों ने तत्काल 108 एम्बुलेंस को सूचना दी। दो एम्बुलेंस की मदद से सभी घायलों को मड़ावरा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। भूरे ने आरोप लगाया है कि दूसरी बाइक का चालक शराब के नशे में था, जिसके कारण यह हादसा हुआ।




