अपहरण मामले में समझौते का दबाव, पिता से 50 हजार रुपये मांगकर जान से मारने की धमकी
पीडि़त की तहरीर पर पुलिस ने तीन पर किया मुकदमा दर्ज
ललितपुर। नाबालिग पुत्री के अपहरण मामले में समझौता न करने पर पीडि़त पिता को धमकाने, घर में घुसकर रुपये मांगने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। थाना जखौरा पुलिस ने पीडि़त की तहरीर पर तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना जखौरा अंतर्गत एक गांव निवासी व्यक्ति ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी 16 वर्षीय नाबालिग पुत्री का 11 अप्रैल 2026 को अपहरण कर लिया गया था, जिसके संबंध में थाना जखौरा में पहले से मुकदमा दर्ज है। उन्होंने स्वयं प्रयास कर अपनी पुत्री को सागर से बरामद कर पुलिस के सुपुर्द किया था। आरोप है कि इसी मामले में समझौता कराने का दबाव बनाया जा रहा था। 28 अप्रैल 2026 को दोपहर करीब 12 बजे आरोपी आनंद प्रजापति, लीलाधर दुबे उर्फ कुल्लू दुबे और डग्गीराजा पीडि़त के घर में घुस आए। आरोपियों ने कहा कि इस मामले में उनका पुलिस में 50 हजार रुपये खर्च हुआ है और यदि रकम देकर राजीनामा नहीं किया गया तो गांव में नहीं रहने दिया जाएगा। साथ ही पीडि़त और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी गई। पीडि़त ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी प्रभावशाली और राजनीतिक रसूख रखने वाले हैं, जिसके चलते कार्रवाई में देरी हुई। थाना जखौरा पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 308(4), 351(3) तथा 352 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक अभिषेक पंवार को सौंपी गई है।




