बस की खिड़की से बाहर देख रहे युवक का ट्रक एवं बस की क्रॉसिंग के दौरान सिर फटा, डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
टीकमगढ़ झांसी हाइवे पर सोमवार रात दर्दनाक सड़क दुर्घटना सामने आई है। क्रॉसिंग के दौरान ट्रक की टक्कर से बस में सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई। सोमवार रात करीब 8 बजे दिगौड़ा थाना क्षेत्र में हादसा हुआ। घटना की खबर फैलते ही पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। बताया गया है कि दिगौड़ा थाना के अंतर्गत पूनोल नाले के पास हरिओम कंपनी की बस में सवार एक व्यक्ति अपना सिर खिड़की से बाहर निकाले हुए था।
इसी दौरान एक ट्रक और बस की क्रॉसिंग के दौरान ट्रक की टक्कर से व्यक्ति का सिर ट्रक की चपेट में आ गया। इस घटना में प्रमोद सेन पिता मूलचंद सेन निवासी महरौनी जिला ललितपुर की मौके पर ही मौत हो गई। सिर फटने से भेजा बाहर निकल आया। बस झांसी से टीकमगढ़ जा रही थी।
घटना की सूचना मिलने पर मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। लोगों की सूचना पर दिगौड़ा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया और टक्कर मारने वाले ट्रक को बम्होरी के पास पेट्रोल पंप पर पकड़ लिया। जतारा एसडीओपी अभिषेक गौतम ने बताया कि mp 04 जीए 3919 नंबर ट्रक को जप्त कर लिया है। जबकि ड्राइवर फरार हो गया है। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है। कल सुबह उसका पीएम कराया जाएगा। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।




