उत्तर प्रदेशक्राइमराजनीतिराज्य

सिविल लाइन द्वितीय में गंदे पानी से लोग परेशान

 

खोदी गई सड़कों ने बढ़ाई मुश्किलें

पार्षद कुन्दन पाल ने डीएम को सौंपा ज्ञापन

स्वच्छ पेयजल आपूर्ति और सड़क मरम्मत की उठाई मांग

ललितपुर। नगर के वार्ड नंबर 17 सिविल लाइन द्वितीय क्षेत्र में पेयजल संकट और क्षतिग्रस्त सड़कों को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। क्षेत्र के नलों से गंदा और दूषित पानी आने के साथ ही पाइप लाइन बिछाने के दौरान खोदी गई सड़कों की मरम्मत न होने से आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में वार्ड के पार्षद कुन्दन पाल (पत्रकार) ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन में बताया गया है कि बरया भवन जैन मंदिर के समीप जल निगम द्वारा नई पेयजल पाइप लाइन बिछाने का कार्य कराया गया। आरोप है कि कार्य के दौरान पुरानी पेयजल पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे क्षेत्र के कई घरों में नलों से लगातार गंदा और दूषित पानी की आपूर्ति हो रही है। इससे लोगों को स्वच्छ पेयजल के लिए अतिरिक्त परेशानी उठानी पड़ रही है और संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। पार्षद ने यह भी आरोप लगाया कि पाइप लाइन बिछाने के बाद जल निगम द्वारा सड़कों को खोदकर छोड़ दिया गया है। जगह-जगह बने गड्ढों और उबड़-खाबड़ रास्तों के कारण राहगीरों, स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और दोपहिया वाहन चालकों को रोजाना दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के दौरान इन गड्ढों में पानी भर जाने से दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। पार्षद कुन्दन पाल ने जिलाधिकारी से मांग की है कि जल निगम के अधिकारियों को तत्काल निर्देशित कर क्षतिग्रस्त पेयजल पाइप लाइन की मरम्मत कराई जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को स्वच्छ और शुद्ध पेयजल उपलब्ध हो सके। साथ ही पाइप लाइन बिछाने के बाद खोदी गई सड़कों की शीघ्र मरम्मत कराकर आवागमन को सुचारु बनाया जाए। स्थानीय नागरिकों ने भी प्रशासन से शीघ्र समाधान की मांग करते हुए कहा है कि यदि समय रहते समस्या का निराकरण नहीं हुआ तो क्षेत्रवासियों को आंदोलन करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!