सजनाम बांध में पानी की आवक बढ़ने से, गेट खोलकर की जा रही पानी की निकासी
ललितपुर। लगातार 24 घंटे से हो रही बारिश के चलते सजनाम बांध में पानी की आवक लगातार बढ़ रही है। बढ़ते जलस्तर को देखते हुए बांध की सुरक्षा के मद्देनजर गुरुवार देर रात करीब 2 बजे बांध के दो गेट एक-एक फीट खोलकर करीब 1000 क्यूसेक पानी की निकासी शुरू की गई। शुक्रवार सुबह भी बांध में पानी की आवक अधिक बनी रहने पर एक और गेट खोल दिया गया। वर्तमान में बांध के तीन गेट करीब डेढ़-डेढ़ फीट खुले हुए हैं।
जूनियर इंजीनियर दीपक ने बताया कि लगातार बारिश के कारण बांध में पानी की आवक अधिक हो रही है। इसी को देखते हुए शुक्रवार सुबह एक और गेट खोला गया है। वर्तमान में तीन गेट डेढ़-डेढ़ फीट खुले हैं और करीब 1000 क्यूसेक पानी की निकासी की जा रही है। उन्होंने बताया कि यदि बांध में पानी की आवक और बढ़ती है तो सुरक्षा की दृष्टि से गेटों को और अधिक खोला जा सकता है।
पानी की निकासी को देखते हुए सिंचाई विभाग और प्रशासन ने निचले इलाकों में अलर्ट जारी किया है। सिंगेपुर, खजुरिया सहित नदी किनारे और अन्य निचले क्षेत्रों में लोगों को सतर्क रहने की सूचना दी गई है। लोगों से नदी और जलभराव वाले निचले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की गई है।
सिंचाई विभाग और प्रशासन बांध के जलस्तर तथा पानी की आवक पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। अधिकारियों के अनुसार, बांध की स्थिति पर लगातार निगरानी की जा रही है और पानी की आवक के अनुसार आगे निर्णय लिया जाएगा।




