नवरात्रि पर मिशन शक्ति की रैली, डीएम-एसपी ने पैदल चलकर किया संवाद
महिलाओं-बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और साइबर सुरक्षा के प्रति किया जागरूक, 11 दिनों तक चलेंगे विशेष कार्यक्रम
ललितपुर। शारदीय नवरात्रि के प्रथम दिन रविवार को मिशन शक्ति फेज-5.0 के तहत जनपद में महिला सशक्तिकरण और जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस लाइन से निकाली गई रैली में जिलाधिकारी सत्यप्रकाश, पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार बाजपेयी, अपर जिलाधिकारी और अपर पुलिस अधीक्षक कालू सिंह ने पैदल चलकर लोगों से संवाद किया। वहीं, जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में भी पुलिस ने रैली और पैदल मार्च निकालकर महिलाओं व बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया।
रैली के दौरान अधिकारियों ने महिलाओं और बालिकाओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने और किसी भी प्रकार की हिंसा, उत्पीड़न व अपराध होने पर बिना किसी भय के पुलिस से शिकायत करने के लिए प्रेरित किया। उन्हें शासन की महिला कल्याणकारी योजनाओं, कानूनी सहायता और सुरक्षा संबंधी सुविधाओं की जानकारी भी दी गई। पुलिस ने घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न, छेड़छाड़, पीछा करने, बाल विवाह और बाल श्रम जैसी समस्याओं के प्रति जागरूक करते हुए इनके खिलाफ उपलब्ध कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी।
अभियान के तहत एंटी रोमियो टीमों और महिला बीट पुलिस अधिकारियों ने स्कूलों, कोचिंग संस्थानों, बाजारों, बस स्टैंडों, सार्वजनिक स्थलों और ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। सार्वजनिक स्थलों पर महिलाओं और बालिकाओं को परेशान करने वालों पर निगरानी रखने के साथ पीड़ितों को शिकायत करने के लिए प्रेरित किया गया।
साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए पुलिस ने अनजान कॉल पर भरोसा न करने, संदिग्ध लिंक पर क्लिक नहीं करने और किसी से भी ओटीपी, पासवर्ड या बैंक खाते से जुड़ी गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने की अपील की। साइबर ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी गई।
महिलाओं-बेटियों की सुरक्षा के लिए पुलिस तत्पर : एसपी
पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार बाजपेयी ने बताया कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य लोगों को आश्वस्त करना है कि महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा के लिए पुलिस तत्पर है। महिला संबंधी अपराधों में पूर्व में भी कार्रवाई की गई है और आगे भी प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने बताया कि यह 11 दिनों का कार्यक्रम है, जिसके तहत प्रतिदिन अलग-अलग गतिविधियों के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक किया जाएगा।
महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबर
1090 महिला हेल्पलाइन, 112 आपातकालीन सेवा, 108 एम्बुलेंस, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 181 महिला हेल्पलाइन और 1930 साइबर ठगी की शिकायत के लिए।
—
बॉक्स 1
महरौनी में छात्राओं के साथ निकाली जागरूकता रैली
साइबर ठगी, फर्जी कॉल और संदिग्ध लिंक से सतर्क रहने की अपील
मिशन शक्ति और साइबर जागरूकता अभियान के तहत कोतवाली महरौनी पुलिस ने नगर में रैली निकालकर छात्राओं व महिलाओं को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजा दिनेश सिंह के नेतृत्व में रैली मंडी रोड, मुख्य बाजार, रामलीला मैदान, बानपुर चौराहा और इंद्रा चौराहा होते हुए कोतवाली परिसर में संपन्न हुई। पुलिस टीम ने ऑनलाइन धोखाधड़ी, फर्जी कॉल और संदिग्ध लिंक से बचने के उपाय बताए। अनजान व्यक्ति से ओटीपी, पासवर्ड और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने की अपील की गई। साइबर ठगी होने पर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करने की जानकारी भी दी गई। रैली में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं सहित अतिरिक्त प्रभारी निरीक्षक निर्भय चंद्र, कस्बा प्रभारी उपनिरीक्षक रामकृपाल सिंह, चौकी प्रभारी, उपनिरीक्षक, कांस्टेबल धर्मेंद्र पांडेय, सतीश कुमार मिश्र और महिला कांस्टेबल आकृति सहित पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
बॉक्स 2
तालबेहट में पुलिस ने पैदल मार्च कर किया जागरूक
महिला सुरक्षा, घरेलू हिंसा और कानूनी अधिकारों की दी जानकारी
मिशन शक्ति फेज-5.0 के तहत शारदीय नवरात्रि के प्रथम दिन कोतवाली तालबेहट पुलिस ने कस्बे में पैदल मार्च निकालकर महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन एवं साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार बाजपेयी के निर्देशन में मिशन शक्ति टीम, एंटी रोमियो टीम और महिला बीट पुलिस अधिकारियों ने लोगों को महिला संबंधी कानूनों, घरेलू हिंसा से बचाव, यौन उत्पीड़न, छेड़छाड़ और पीछा करने जैसी घटनाओं के संबंध में जानकारी दी। पुलिस ने दहेज उत्पीड़न, बाल विवाह और बाल श्रम से संबंधित कानूनी प्रावधानों के बारे में भी बताया। साथ ही महिला कल्याणकारी योजनाओं, आत्मनिर्भरता और स्वरोजगार के अवसरों की जानकारी देकर उनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। साइबर अपराधों से बचाव के लिए ओटीपी और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने तथा ठगी होने पर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करने की अपील की गई।




