उत्तर प्रदेश

अवैध शराब बेचने के ठिकाने को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष, कुल्हाड़ी-फरसा और बंदूक से हमला, 11 घायल

 

 

मऊ माफी गांव में सुबह सात बजे हुई घटना, लाठी-डंडों और पत्थरों से किया हमला; घायलों को मेडिकल कॉलेज में कराया भर्ती

ललितपुर। कोतवाली सदर क्षेत्र के ग्राम मऊ माफी में अवैध शराब बेचने के ठिकाने को लेकर बुधवार सुबह दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दोनों पक्षों की ओर से कुल्हाड़ी, फरसा, लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला किया गया। इस दौरान बंदूक से फायरिंग किए जाने की भी जानकारी सामने आई है। संघर्ष में दोनों पक्षों के कुल 11 लोग घायल हो गए। घटना से गांव में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने सभी घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से जिला मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। वहीं, गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।

 

प्राप्त जानकारी अनुसार, कोतवाली सदर क्षेत्र के मऊ माफी गांव में बुधवार सुबह करीब सात बजे केलगुवा रोड के पास और टेलको के निकट बड़ी नहर पर अवैध शराब बेचने के स्थान को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों ओर से लोग आमने-सामने आ गए और कुल्हाड़ी, फरसा, लाठी-डंडों व पत्थरों से एक-दूसरे पर हमला कर दिया। इस दौरान बंदूक से फायरिंग होने की बात भी बताई जा रही है। संघर्ष में मऊ माफी निवासी 35 वर्षीय सुनील पुत्र बलों, 30 वर्षीय अजय पुत्र नरेश और 26 वर्षीय सोनू पुत्र दर्शन घायल हो गए। वहीं, दूसरे पक्ष के ग्राम बम्होरी नागल निवासी 35 वर्षीय अनिल पुत्र बालक, 40 वर्षीय अंगूरी पत्नी बाबू, 55 वर्षीय धीर सिंह पुत्र देशपथ, 25 वर्षीय अजय पुत्र धीर सिंह, 25 वर्षीय सुदीप पुत्र चंदन, 25 वर्षीय राजकुमार पुत्र हरप्रसाद, 50 वर्षीय महेश पुत्र हम्मीर तथा 55 वर्षीय नर्सिंग पुत्र हम्मीर घायल हो गए।

 

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को उपचार के लिए जिला मेडिकल कॉलेज भिजवाया। गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!