संपत्ति का ब्योरा बताने में हिचकिचा रहे कई कर्मी मानव संपदा पोर्टल पर चल अचल संपत्ति का ब्योरा दर्ज कराने के हैं निर्देश

ललितपुर। जिले के अनेक अधिकारी, कर्मचारियों को मानव संपदा पोर्टल पर चल-अचल संपत्ति का ब्योरा दर्ज कराने के निर्देश रास नहीं आ रहे हैं। निर्देशों के बावजूद तमाम अधिकारी, कर्मचारियों ने चल-अचल संपत्ति का ब्योरा पोर्टल पर दर्ज नहीं कराया है। इस स्थिति पर लखनऊ में बैठे अफसर अपनी नाराजगी प्रकट कर रहे हैं।
योगी सरकार भ्रष्टाचार पर चोट करने के लिए समय-समय पर कड़े कदम उठा रही हैं। इसी क्रम में शासन ने अधिकारियों, कर्मचारियों को चल-अचल संपत्ति का विवरण मानव संपदा पर दर्ज कराने के निर्देश दिए गए हैं। शासन की निर्धारित समयावधि 31 अगस्त तक आनलाइन किया जाना था, इसके पश्चात ही वेतन आहरण की कार्रवाई के लिए कहा गया था। इन निर्देशों के बाद भी मानव संपदा पोर्टल पर पंजीकृत कार्मिकों के सापेक्ष चल-अचल संपत्ति भरे गए कार्मिकों की संख्या काफी कम है। इस संबंध में चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के निदेशक शिव सहाय अवस्थी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक जिला संयुक्त चिकित्सालय को पत्र जारी किया है। इसमें पुन: निर्देश जारी किए गए हैं कि वर्ष 2023 के सापेक्ष अपनी चल-अचल संपत्ति का विवरण शत-प्रतिशत मानव संपदा पोर्टल पर अवश्य दर्ज कराएं।