राज्यपाल आनंदीबेन पटेल 28 अगस्त को जनपद दौरे पर

ललितपुर। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल 28 अगस्त को एक दिवसीय दौरे पर जनपद आएंगी। राजभवन से जारी कार्यक्रम के अनुसार राज्यपाल सुबह 9:50 बजे पुलिस लाइन हेलीपैड पर पहुंचेंगी।
सुबह 10:00 बजे वे कल्याण सिंह सभागार में आयोजित आंगनबाड़ी किट वितरण कार्यक्रम में शामिल होंगी। इसके बाद 11:30 बजे वे कलेक्ट्रेट सभागार में जिला अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगी। दोपहर 1:00 बजे राज्यपाल पुलिस लाइन हेलीपैड से लखनऊ के लिए रवाना होंगी।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
राज्यपाल के आगमन को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद कर दी है। शहर के प्रमुख चौराहों पर पुलिस व यातायात विभाग द्वारा बैरिकेडिंग और मार्ग डायवर्जन की व्यवस्था की गई है। पुलिस लाइन स्थित हेलीपैड और कार्यक्रम स्थल पर विशेष सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक मोहम्मद मुस्ताक के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक कालू सिंह ने बताया कि राज्यपाल के दौरे के दौरान व्यापक पुलिस बल की ड्यूटी लगाई गई है। पुलिस लाइन से लेकर कार्यक्रम स्थल तक फोर्स की कड़ी तैनाती की गई है।
तैनात किया गया भारी पुलिस बल
राज्यपाल को जेड प्लस सुरक्षा प्राप्त होने के कारण अतिरिक्त सुरक्षा बल भी बुलाया गया है। इसमें जिले के सभी क्षेत्राधिकारी, तीन बाहरी जनपदों से आए क्षेत्राधिकारी, करीब 25 निरीक्षक जनपद से, 13 निरीक्षक बाहरी जनपदों से, लगभग 25 उपनिरीक्षक बाहरी जनपदों स और 75 उपनिरीक्षक जनपद से, इसके अलावा लगभग 150 सिपाही जनपद के थानों से तथा 100 सिपाही अन्य जनपदों से शामिल किए गए हैं।
आम जनता को न्यूनतम असुविधा हो
राजभवन ने जिलाधिकारी और पुलिस प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ आम जनता को न्यूनतम असुविधा हो। दुकानों और यातायात व्यवस्था को सामान्य बनाए रखने के लिए भी आदेश जारी किए गए हैं।
—