तालबेहट में युवक की संदिग्ध मौतः हालत बिगड़ने पर अस्पताल लाया गया, उपचार के दौरान तोड़ा दम
ललितपुर जिले के पूरा कला गांव में 25 वर्षीय युवक लक्ष्मण पुत्र नाथू की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों द्वारा उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तालबेहट लाया गया था, जहां उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। यह घटना सोमवार रात करीब 8 बजे की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, लक्ष्मण की अचानक तबीयत बिगड़ गई थी। परिजन उसे आनन-फानन में एक निजी वाहन से अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया, जिससे परिवार में कोहराम मच गया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉ. सूरज ने बताया कि युवक की मौत उपचार के दौरान हुई है। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। पुलिस ने मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।
मृतक के पिता नाथू ने बताया कि उनके पुत्र की तबीयत काफी दिनों से खराब चल रही थी। अचानक हालत बिगड़ने पर वे उसे अस्पताल लेकर आए थे। पुत्र की मौत से पूरे परिवार में गहरा सदमा है।
पुलिस इस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और आगे की आवश्यक कार्रवाई कर रही है।




