11वीं के छात्र ने फांसी पर लटककर दी जान, परिजन बेहाल
ललितपुर। कोतवाली सदर अंतर्गत मोहल्ला नेहरू नगर में कतिपय कारणों के चलते एक 11वीं का छात्र फांसी के फंदे पर लटक गया, जानकारी मिलते ही परिजनों ने तत्काल उसे नीचे उतारा और उपचार के लिए मेडीकल कॉलेज लाये, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद से परिवार में कोहराम मच गया है। मृतक 16 वर्षीय हर्ष रैकवार पुत्र मनमोहन है। वहीं घटना के बारे में परिजनों ने अनभिज्ञता जाहिर की है। मेडीकल कॉलेज में मृतक के परिजनों ने बताया कि हर्ष दो भाइयों में छोटा था, वर्तमान में वह राजकीय इंटर कॉलेज में कक्षा 11 का छात्र था, गुरूवार की दोपहर चार बजे करीब वह अपने ऊपर वाले कमरे में था, इसी दौरान उसकी मां ने दूध लाने की बात कही, इसके बाद वह घर में नहीं दिखा और न ही दूध लेकर लौटा, जिस कारण परिजनों ने उसकी खोजबीन की, जैसे ही वह नीचे दुकान में पहुंचे तो वहां का नजारा देख पैरों तले से मिट्टी खिसक गई, क्योंकि हर्ष कुंदे पर रस्सी से लटका हुआ था। परिजनों ने तत्काल उसे नीचे उतारा और उपचार के लिए मेडीकल कॉलेज लाये, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।




