इंस्टाग्राम चैट से ब्लैकमेलिंग तक, छात्रा को धमकाने का आरोप, नामजद युवक पर एफआईआर
ललितपुर। कोतवाली क्षेत्र में एक छात्रा को सोशल मीडिया के जरिए ब्लैकमेल करने, पीछा करने और जान से मारने की धमकी देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीडि़ता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने नामजद युवक के खिलाफ बीएनएस की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एफआईआर के अनुसार शिकायतकर्ता ने बताया कि उनकी 21 वर्षीय बेटी स्थानीय कॉलेज में पढ़ाई करती है। इंस्टाग्राम आईडी के माध्यम से एक युवक ने बातचीत शुरू की और इसी दौरान कथित तौर पर छात्रा की कुछ तस्वीरें अपने मोबाइल में ले लीं। बाद में जब छात्रा ने बात करने से मना किया तो आरोपी ने तस्वीरें वायरल करने की धमकी देकर छात्रा को दबाव में लेने की कोशिश की। शिकायत में आरोप है कि आरोपी छात्रा का कॉलेज और ट्यूशन जाते समय पीछा करता, रास्ते में रोककर धमकाता और परिवार पर शादी का दबाव बनाता रहा। इतना ही नहीं, उसने तस्वीरें रिश्तेदारों और मोहल्ले वालों को भेजने तथा वीडियो-फोटो इंटरनेट पर वायरल करने की धमकी भी दी। पीडि़त का कहना है कि आरोपी ने शादी न होने पर पेट्रोल डालकर जलाने या गोली मारने जैसी गंभीर धमकियां भी दीं। तहरीर में यह भी उल्लेख है कि 6 फरवरी 2026 की शाम करीब 5 बजे जब शिकायतकर्ता अपनी बेटी के साथ कचहरी चौराहे से रेलवे स्टेशन जा रहे थे, तब आरोपी ने पीछा कर पुलिस की मदद लेने पर जान से मारने की धमकी दी और छात्रा का भविष्य खराब करने की बात कही। पुलिस ने मामले में बीएनएस की धारा 78 और 351(3) के तहत केस दर्ज किया है।




