उत्तर प्रदेशक्राइमराजनीतिराज्य

फेसबुक आईडी हैक कर अश्लील पोस्ट व ब्लैकमेलिंग, साइबर थाने में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज

 

ललितपुर। साइबर अपराध थाना में सोशल मीडिया के दुरुपयोग और ऑनलाइन ब्लैकमेलिंग का एक गंभीर मामला दर्ज किया गया है। पीडि़ता की शिकायत पर पुलिस ने बीएनएस 2023 और आईटी एक्ट की सख्त धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना बार क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली युवती ने बताया कि पूर्व में साइबर अपराध के एक मामले में आरोपी युवक के विरुद्ध थाना साइबर क्राइम में मुकदमा दर्ज कराया गया था, जिसमें उसे जेल भी जाना पड़ा था। जमानत पर जेल से बाहर आने के बाद आरोपी ने पीडि़ता से बदला लेने की नीयत से उसकी फेसबुक आईडी हैक कर ली और उस पर आपत्तिजनक फोटो व अश्लील शब्दों के साथ पोस्ट करना शुरू कर दिया। पीडि़ता का आरोप है कि आरोपी लगातार उसे धमका रहा है और पैसों की मांग कर रहा है। धमकी दी जा रही है कि यदि पैसे नहीं दिए गए तो उसकी निजी और अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दी जाएगी। जब परिजनों ने पैसे देने से इनकार किया तो आरोपी ने देर रात अश्लील भाषा में पोस्ट डालकर बदनाम करने की कोशिश की। शिकायत में यह भी उल्लेख है कि आरोपी लगातार कॉल और ऑनलाइन माध्यमों से संपर्क कर मानसिक उत्पीडऩ कर रहा है, जिससे पीडि़ता और उसका परिवार भय के माहौल में जीने को मजबूर है। पीडि़ता ने आरोपी के खिलाफ कठोर से कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बीएनएस की धारा 79, 308(2) तथा आई.टी. एक्ट की धारा 66सी और 67ए के तहत मुकदमा पंजीकृत किया है। विवेचना की जिम्मेदारी निरीक्षक मुनेश भारती को सौंपी गई है। साइबर थाना पुलिस का कहना है कि फेसबुक अकाउंट, पोस्ट, डिजिटल लॉग और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहन जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद जिले में सोशल मीडिया की सुरक्षा और साइबर अपराधों को लेकर लोगों में चिंता बढ़ गई है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि या धमकी की सूचना तत्काल साइबर थाने को दें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!