महिला की कृषि भूमि से अवैध मिट्टी खनन, प्रशासन से कार्रवाई की गुहार
ललितपुर।
जनपद ललितपुर की तहसील ललितपुर अंतर्गत ग्राम बुढ़वार में एक अनुसूचित जाति की गरीब महिला की कृषि भूमि पर अवैध रूप से मिट्टी खनन किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने जिला प्रशासन और खनन विभाग से न्याय की गुहार लगाते हुए दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
ग्राम बुढ़वार निवासी पीड़िता ने जिलाधिकारी एवं खान अधिकारी को दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया कि वह अनुसूचित जाति से संबंध रखती है तथा अत्यंत निर्धन अवस्था में अपनी कृषि भूमि पर काश्तकारी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करती आ रही है। पीड़िता की आराजी संख्या 3385/2, रकबा 1.0680 हेक्टेयर, ग्राम बुदवार में स्थित है।
आरोप है कि उक्त आराजी पर रवि राय पुत्र जगदीश, राजू राजा पुत्र नामालूम एवं दुर्गेश पुत्र नामालूम, निवासी मोहल्ला नेहरू नगर, ललितपुर द्वारा बिना किसी वैध अनुमति के जेसीबी मशीन लगाकर मिट्टी का अवैध खनन किया जा रहा है। इससे पीड़िता की खेती पूरी तरह प्रभावित हो गई है और उसकी फसल नष्ट हो चुकी है।
पीड़िता का कहना है कि अवैध खनन के कारण वह अपनी जमीन पर खेती नहीं कर पा रही है, जिससे उसका परिवार भुखमरी की कगार पर पहुंच गया है। बार-बार रोकने के बावजूद खनन कार्य जारी है, जिससे उसे आर्थिक और मानसिक क्षति झेलनी पड़ रही है।
पीड़िता ने मांग की है कि उसकी भूमि पर हो रहे अवैध खनन को तत्काल रोका जाए, दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए तथा उसे अपनी कृषि भूमि पर शांतिपूर्वक काश्तकारी करने की आज़ादी प्रदान की जाए।
मामले की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश एवं खनन एवं पर्यावरण मंत्री को भी भेजी गई है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस गंभीर मामले में कब तक संज्ञान लेकर पीड़िता को न्याय दिलाता है।




