देवगढ़ रोड पर शराब की दुकानों से महिलाओं-बच्चियों में भय, मोहल्ला वासियों ने डीएम से की हटाने की मांग
ललितपुर।
नगर के नेहरू नगर देवगढ़ रोड क्षेत्र में देशी व अंग्रेजी शराब की दुकानों को लेकर स्थानीय महिलाओं व बच्चियों में भय का माहौल बना हुआ है। इसी को लेकर मोहल्ला वासियों ने जिलाधिकारी महोदय को प्रार्थना पत्र सौंपते हुए शराब की दुकानों को अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग की है।
प्रार्थना पत्र में बताया गया है कि देवगढ़ रोड पर स्थित देशी व अंग्रेजी शराब की दुकानों की पूर्ण क्षमता बहाल कर दी गई है। इससे पहले भी बीते वर्ष 01 अप्रैल 2025 को इन दुकानों को खोले जाने का विरोध किया गया था, जिसमें मोहल्ले की महिलाओं और बच्चियों ने आपत्ति जताई थी। बावजूद इसके समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ।
मोहल्ला वासियों का कहना है कि शराबियों द्वारा आए दिन सड़क पर गाली-गलौज, झगड़ा और खुलेआम शराब पीने जैसी गतिविधियां की जाती हैं, जिससे मंदिर, स्कूल और बाजार जाने वाली महिलाओं व बच्चियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। शाम के समय स्थिति और भी भयावह हो जाती है, जिससे किसी अप्रिय घटना की आशंका बनी रहती है।
आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि पूर्व में सड़क पर अवैध कब्जे और अतिक्रमण को लेकर भी शिकायत की गई थी, लेकिन उस पर भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। अब एक बार फिर मोहल्ला वासियों ने प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की है।
मोहल्ला वासियों ने जिलाधिकारी से अनुरोध किया है कि देवगढ़ रोड नेहरू नगर में स्थित शराब की दुकानों को किसी अन्य सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित किया जाए, ताकि मंदिर व स्कूल आने-जाने वाले बच्चों, महिलाओं और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
प्रार्थना पत्र पर कई महिलाओं व स्थानीय निवासियों के हस्ताक्षर भी किए गए हैं। अब क्षेत्रवासियों की निगाहें प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी।




