मिशन शक्ति-5.0 महिला सशक्तिकरण रैली को डीएम-एसपी ने दिखाई हरी झंडी
महिला सुरक्षा, सम्मान व स्वावलंबन के प्रति जागरूकता बढ़ाने का अभियान तेज
ललितपुर। उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना मिशन शक्ति-5.0 के द्वितीय चरण के अंतर्गत सोमवार को ललितपुर में महिला सशक्तिकरण एवं जागरूकता के उद्देश्य से एक भव्य रैली का आयोजन किया गया। रैली को जिलाधिकारी सत्य प्रकाश एवं पुलिस अधीक्षक मो.मुश्ताक ने रिजर्व पुलिस लाइन्स से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। महिला पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारीगण, विभिन्न थानों की महिला पुलिस बल तथा रिक्रूट आरक्षियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली का मुख्य उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा एवं आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूक करना रहा। रैली पुलिस लाइन्स से प्रारंभ होकर कलेक्ट्रेट चौराहा, तुवन चौराहा एवं घंटाघर होते हुए पुन: पुलिस लाइन्स पर समाप्त हुई। इस दौरान शहरवासियों को महिला सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण संदेश दिए गए। कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी सदर सुनील कुमार भारद्वाज, प्रतिसार निरीक्षक जगदीश चन्द्र सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे और रैली को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई। पुलिस प्रशासन ने बताया कि मिशन शक्ति अभियान के तहत जनपद में लगातार जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। शहर, गांव, कस्बों एवं शिक्षण संस्थानों में चौपाल और जनसंवाद के माध्यम से महिलाओं व बालिकाओं को उनके अधिकारों के साथ-साथ वूमेन पावर लाइन 1090, यूपी-112 सहित अन्य हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी जा रही है। प्रशासन का कहना है कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन सुनिश्चित करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए अभियान निरंतर जारी रहेगा।




