छात्रा रोहिणी बनीं एक दिन की जिलाधिकारी, फरियादियों की समस्याएं सुनीं
ललितपुर। महिला सशक्तिकरण के तहत चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत एक सराहनीय पहल देखने को मिली, जहां जिलाधिकारी सत्य प्रकाश द्वारा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में अध्ययनरत कक्षा 12 की छात्रा रोहिणी को एक दिन के लिए जिलाधिकारी बनाया गया। इस दौरान रोहिणी ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
एक दिन की जिलाधिकारी के रूप में कार्य करते हुए रोहिणी ने प्रशासनिक जिम्मेदारियों को बखूबी निभाया और आमजन की समस्याओं के समाधान के प्रति सजगता दिखाई। इस पहल से न केवल छात्राओं में आत्मविश्वास बढ़ा, बल्कि प्रशासनिक कार्यप्रणाली को करीब से समझने का अवसर भी मिला।
बताया गया कि जिले में जिलाधिकारी सत्य प्रकाश द्वारा महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत छात्राओं को उनके अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया जा रहा है, ताकि वे भविष्य में समाज में सशक्त भूमिका निभा सकें। इस पहल की लोगों द्वारा सराहना की जा रही है।




